मेरठ 12 नवंबर (आरएनएस ) जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी के साथ उसकी चाची ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। चाची ने केमिकल डालकर किशोरी का निजी अंग जला दिया। एक सप्ताह पूर्व हुई इस घटना का खुलासा किशोरी ने सोमवार शाम अपनी शिक्षिका के सामने किया। थाना जानी पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर आरोपी चाची के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती करवाया है।
किशोरी के पिता की मौत सात-आठ साल पूर्व हो चुकी है। इसके बाद किशोरी की मां भी उसे चाचा-चाची के भरोसे घर छोड़कर चली गई थी। तब से किशोरी अपने चाचा-चाची के पास रहती है। किशोरी गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा है।
शिक्षिका के अनुसार कई दिनों से किशोरी स्कूल नहीं आ रही थी। इसे लेकर उन्होंने सोमवार को बच्चों को उसके घर भेजकर पता करवाया। इसके बाद किशोरी स्कूल आ गई। स्कूल में वह सही तरह से चल नहीं पा रही थी। उन्होंने किशोरी से पूछताछ की। किशोरी ने बताया कि उसकी चाची ने एक सप्ताह पूर्व उसके साथ मारपीट करने के बाद उसके निजी अंगों पर कोई केमिकल डाल दिया। इससे निजी अंग जल गया है। शिक्षिका ने देर शाम घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी को उपचार के लिए सीएचसी पांचली में भर्ती करवाया। शिक्षिका ने आरोपी महिला के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
खाना भी नहीं दिया जाता
बताया गया कि किशोरी से उसकी चाची घर का सभी काम करवाती है। मना करने पर उसके साथ मारपीट और उत्पीडऩ करती है। काम न करने पर खाना भी नहीं दिया जाता है। सात दिन पूर्व किशोरी की चाची ने घर के काम करने के लिए उसे स्कूल जाने से रोका। इसका किशोरी द्वारा विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया।
कमरे में कर दिया था बंद
शिक्षिका ने बताया कि तीन माह पूर्व भी किशोरी को घर का काम न करने पर चाची ने कमरे में बंद कर दिया था। इसका पता चलने पर वह किशोरी से मिलने उसके घर गई थी लेकिन चाची के न मिलने देने पर पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस के हस्तक्षेप पर किशोरी को घर से बाहर आने-जाने दिया गया।
ये बोले सीओ
आरोपी महिला की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पीडि़ता का उपचार करवाकर एसडीएम के सामने बयान करवाए जाएंगे। पता किया जा रहा है कि पीडि़ता के नाम कोई संपत्ति तो नहीं है।
– आशुतोष कुमार, सीओ, सरधना
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

