राजापुर (चित्रकूट) 12 नवंबर (आरएनएस)। कस्बे के व्यस्ततम मार्ग देवी जी तिराहा क्षेत्र की जर्जर सड़क की मरम्मत कार्य शुरू होने से राहगीरों और दुकानदारों को लंबे समय बाद राहत मिली है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते लंबे समय से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल से लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। जिससे न केवल राहगीर बल्कि आसपास के दुकानदार भी परेशान थे। धूल और गड्ढों के कारण दो पहिया वाहन चालकों को रोजाना दुर्घटना का खतरा बना रहता था। वहीं बरसात में सड़क पर पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती थी। आखिरकार बुधवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया, जिसमें गड्ढों को भरा गया।मरम्मत कार्य पूरा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। दुकानदारों ने बताया कि अब सड़क सुधरने से व्यापारिक गतिविधियां सामान्य होंगी और ग्राहक भी निर्बाध रूप से दुकान तक पहुंच सकेंगे। लोगों ने कहा की इस मार्ग पर डामरीकरण के कार्य से देवी जी तिराहा क्षेत्र की सुंदरता और सुविधा दोनों बहाल हो गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

