-निमोनिया नियंत्रण अभियान आज से शुरू
सुल्तानपुर 13 नवंबर (आरएनएस )। सुल्तानपुर जिले में बुधवार को निमोनिया नियंत्रण अभियान ÓएसएएएनएसÓ (सोशल अवेयरनेस एंड एक्शन टू न्यूट्रलाइज निमोनिया सक्सेसफुली) का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 12 नवंबर से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगा। इसी दिन दरगाह हजरत अब्बास मौहरिया में एक मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। निमोनिया अभियान का शुभारंभ राजकीय एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में एक कार्यशाला के दौरान हुआ। इसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भारत भूषण ने की। इस अवसर पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लालजी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष कुमार यादव भी उपस्थित रहे।अभियान का मुख्य उद्देश्य निमोनिया जैसी रोकथाम योग्य बीमारी के बारे में जन जागरूकता बढ़ाना है। इसका लक्ष्य माता-पिता और देखभाल करने वालों को निमोनिया के लक्षणों जैसे बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की पहचान करने के लिए शिक्षित करना है, ताकि शीघ्र पहचान और समय पर चिकित्सा देखभाल को बढ़ावा मिल सके। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को निमोनिया के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उनके मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय और सीएचसी दूबेपुर में निमोनिया की रोकथाम व उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा अधीक्षक की अध्यक्षता में अन्य चिकित्सा इकाइयों में भी निमोनिया नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। बुधवार को दरगाह हजरत अब्बास मौहरिया में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई द्वारा किया गया। मानसिक रोगों के लक्षणों जैसे उलझन, घबराहट, बेचैनी और नींद न आने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को मानसिक रोगों से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। सलाह दी गई कि यदि किसी व्यक्ति में ऐसे लक्षण पाए जाते हैं, तो उसे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के मानसिक रोग विभाग की ओपीडी कक्ष संख्या 114 में दिखाना चाहिए, ताकि उचित समय पर इलाज सुनिश्चित हो सके। सभी को टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर 14416 के बारे में भी बताया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

