भदैंया/सुल्तानपुर 13 नवंबर (आरएनएस )। कोतवाली देहात क्षेत्र के लोहारामऊ रेलवे ओवरब्रिज पर एक सप्ताह से मरम्मत कार्य चल रहा है। इस कार्य के कारण प्रशासन द्वारा किए गए रूट डायवर्जन से क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। अयोध्या जाने वाले कई यात्री वैकल्पिक मार्गों पर भटक रहे हैं, वहीं हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की भीड़ से उसमें लगी रबर दबने लगी है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। यह मरम्मत कार्य लगभग 10 दिन पहले शुरू हुआ था। गुरुवार को हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग पर गुजरात ट्रैवल के तीन वाहन देखे गए, जिनमें 21 यात्री सवार थे। ये यात्री वाराणसी, चित्रकूट और प्रयागराज के दर्शन के बाद अयोध्या जा रहे थे। ट्रैवल के चालक जावेद ने बताया कि रूट डायवर्जन के कारण वे ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर दो मुंहा मार्ग से होते हुए अयोध्या की ओर जा रहे हैं। इसी तरह, अयोध्या से वाराणसी जा रही गुजरात प्रान्त की एक डबल स्लीपर बस, जिसमें लगभग 60 सवारियां थीं, दो मुंहा मार्ग से भटक कर हनुमानगंज बाजार पहुंच गई। चौराहे पर खड़े लोगों ने बस चालक को हनुमानगंज से पश्चिम दो किलोमीटर आगे मिलने वाले वाराणसी हाईवे मार्ग की जानकारी दी। रूट डायवर्जन के कारण क्रॉसिंग के दोनों ओर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

