लम्भुआ/सुल्तानपुर 13 नवंबर (आरएनएस )। सुल्तानपुर जिले के पी पी कमैचा ब्लॉक के अंतर्गत नगर पंचायत कोइरीपुर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर जन जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का संचालन ट्रेनिंग पार्टनर प्रताप सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना तथा नगरवासियों को जागरूक करना है। इसी क्रम में, 13 नवंबर 2025 को नगर पंचायत कोइरीपुर के सभी 10 वार्डों में ट्रेनिंग प्रताप सेवा समिति के सचिव विजय कुमार श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर नागरिकों को घरेलू कचरे के उचित प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया। टीम ने बताया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान, गीले कचरे से होम कंपोसिं्टग के माध्यम से खाद बनाने की विधि समझाई गई। सैनिटरी और खतरनाक कचरे को अलग रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, नगर के प्रत्येक व्यक्ति को यह भी समझाया गया कि कचरा गाड़ी को कचरा देते समय उसे श्रेणीबद्ध तरीके से दें। प्रताप सेवा समिति के सचिव विजय कुमार श्रीवास्तव, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर वेद प्रकाश, मोहम्मद जहीन, अर्चना सिंह और अरुण सिंह ने नगर के लोगों से सड़कों और नालियों में कचरा न फेंकने की अपील की। नगर पंचायत कोइरीपुर के ईओ वीरेंद्र प्रताप, अधिशासी अधिकारी विवेक कुमार और अमन कुमार ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रेनिंग पार्टनरों का सहयोग करें और उनके द्वारा मांगी गई आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। इस सहयोग से नगर पंचायत कोइरीपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में मदद मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

