पौड़ी,17 नवंबर (आरएनएस)। पौड़ी जिले के पोखड़ा में गुलदार की डर से बीते शुक्रवार से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। गुलदार की सक्रियता को देखते हुए इस ब्लॉक के 12 स्कूलों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। इन स्कूलों में एक से लेकर 12 वीं तक के बच्चे शामिल हैं। स्कूल 18 नवंबर तक बंद किए गए हैं। गुलदार ने पहले बीती 13 नवंबर को बगड़ीगाड़ में नाप खेतों में घास काट रही महिला को मार डाला था तो इसके बाद इसी गांव से करीब चार किलोमीटर की दूर पर घंडियाल में जंगल में घास लेने गई महिला को गंभीर घायल किया था। गुलदार के इस इलाकों में एक के बाद हमलों से जहां स्थानीय ग्रामीण भी सहमे हुए है वहीं बच्चे स्कूलों तक नहीं जा पा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर इन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। फिलहाल मंगलवार तक स्कूलों को बंद रखने के आदेश हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय ग्रामीणों की भी पूरी दिनचर्या पिछले चार-पांच दिनों से पटरी से उतरी हुई है। महिलाएं जहां अपने मवेशियों के लिए आस-पास के सटे जंगलों में घास लेने नही जा पा रही है, वहीं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर संगलाकोटी बाजार जाने में भी ग्रामीण सहम रहे हैं। पोखड़ा के ब्लॉक प्रमुख संजय गुंसाई बताते है कि जहां महिला को गुलदार ने घायल किया वह उन्हीं का गांव घंडियाल है। इन दिनों ग्रामीणों में गुलदार की डर बहुत अधिक हो गई है। ग्रामीण शाम होते ही अपने घरों में कैद होने को विवश हैं। चारा पत्ती को लेकर भी परेशानियां आ रही हैं। रोजमर्रा की दिनचर्या गुलदार के हमलों के बाद यहां ठहर सी गई है। गांव से कुण्जखाल बाजार पैदल करीब 1 किलोमीटर की आवाजाही भी इन दिनों ग्रामीण नहीं कर रहे है। ब्लॉक प्रमुख के मुताबिक पूरा पोखड़ा ब्लॉक ही गुलदार के मामले में संवेदनशील है ऐसे में विभाग को यहां जगह-जगह पिंजरे लगाने चाहिए ताकि लोगों पर हमले कम हो सके। साथ ही एक गुलदार को नरभक्षी घोषित किए जाने से भी अब बात नहीं बन पा रही है। गुलदार के हमलों पर अकुंश लगाने के लिए कोई दीर्घकालिक योजना धरातल पर उतरी चाहिए तभी यहां के ग्रामीण सुरक्षित रह सकते है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

