रुद्रपुर,30 मई(आरएनएस)। रुद्रपुर नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही आधुनिक पशु शव दाह गृह का निर्माण किया जाएगा। शासन ने इसके लिए 1.45 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। परियोजना के तहत गैस बेस्ड इनसिनरेटर स्थापित किया जाएगा, जिससे मृत पशुओं के शवों का वैज्ञानिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। यह स्वीकृति मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित स्टेट पावर्ड कमेटी की बैठक में दी गई। बैठक में रिंग फेस्ड अकाउंट से संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। समिति ने रुद्रपुर, हल्द्वानी और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्रों में मृत पशुओं के समुचित निस्तारण के लिए गैस बेस्ड इनसिनरेटर स्थापित करने की योजनाओं को मंजूरी दी। रुद्रपुर नगर निगम के लिए 145.83 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। मेयर विकास शर्मा ने इसे नगर निगम और शहरवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मृत पशुओं के निस्तारण के लिए आधुनिक और स्थायी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वर्तमान व्यवस्था में कई बार शवों के निस्तारण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे स्वच्छता प्रभावित होने के साथ दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना रहता था। उन्होंने बताया कि नई परियोजना लागू होने के बाद पशु शवों का त्वरित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव होगा। उच्च तापमान पर संचालित होने वाली यह तकनीक प्रदूषण को न्यूनतम रखेगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाएगी। मेयर ने परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन तथा शहरी विकास विभाग का आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

