रुद्रपुर,30 मई(आरएनएस)। संजय वन के पास करीब 25 दिन पहले हुए सड़क हादसे में वन कर्मी की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई नरेंद्र सिंह अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार टांडा वन रेंज के कल्याणपुर छत्तरपुर निवासी प्रकाश गिरी गोस्वामी ने तहरीर देकर बताया कि उनके पिता मोहन गिरी गोस्वामी छह मई की शाम जंगलात बैरियर टांडा तिराहे से बाइक से लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे वह संजय वन के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर यूकेलिप्टिस प्लांटेशन की ओर जाने के लिए रुके थे।
इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रही सिल्वर रंग की टाटा नेक्सॉन कार के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहन गिरी गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेबर साइड कॉलोनी फूलबाग निवासी धन बहादुर ने अपनी आंखों से देखा था। तहरीर में बताया गया कि पिता के अंतिम संस्कार और मानसिक आघात के कारण समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

