रुद्रपुर,30 मई(आरएनएस)। उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को खटीमा तहसील के ग्राम बरी अंजनिया में प्रशासन और सिंचाई विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर सरकारी गूल और नहर की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और जेसीबी मशीनों की मदद से कई अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। जानकारी के अनुसार ग्राम बरी अंजनिया स्थित खसरा संख्या 579, जो राजस्व अभिलेखों में नहर भूमि के रूप में दर्ज है, के एक हिस्से पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया था। सिंचाई विभाग ने अतिक्रमणकारियों को 15 दिन के भीतर स्वयं कब्जा हटाने का नोटिस दिया था, लेकिन निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।संयुक्त टीम ने खसरा संख्या 579 तथा खसरा संख्या 594/1 (रास्ते की भूमि) पर बने कई अवैध शौचालय, आंशिक मकान, बाउंड्रीवॉल और टिन शेड को ध्वस्त कर दिया। इनमें विभिन्न व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण शामिल थे। वहीं कुछ निर्माणों को खाली करने के लिए संबंधित लोगों को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अध्यक्ष खटीमा के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। मौके पर तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य राजकीय भूमि और गूल-नहर को उनके मूल स्वरूप में बहाल करना है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

