विकासनगर,19 नवंबर (आरएनएस)। जौनसार-बावर के प्रसिद्ध त्योहार बूढ़ी दीपावली मनाने के लिए अपने घर आने वाले लोग बुधवार देर शाम तक विकासनगर से ओवरलोड वाहनों में जाते दिखाई दिए। आलम यह था देश-प्रदेश के अन्य शहरों से गांव लौट रहे लोग वाहनों की छतों तक पर सवार दिखे। सवारी वाहनों में भीड़ के कारण उन्हें सीट नहीं मिली। आज शुरू हुई बूढ़ी दीपावली की खरीदारी के लिए रविवार को विकासनगर के बाजार में भीड़ लगी रही। जौनसार के गांवों से खरीदारी करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाने के लिए अपने घरों की ओर लौट रहे नौकरीपेशा लोगों को वाहनों का इंतजार करना पड़ा। वाहनों की कमी के कारण जमकर ओवरलोडिंग हुई। छोटे यूटीलिटी वाहन में सामान के साथ लोग छतों पर बैठकर पहाड़ी मार्गों के सफर को निकले।
बाजार में दिनभर बनी रही रौनक: जौनसार में आज से पांच दिवसीय बूढ़ी दीपावली का आगाज होगा। दीपावली की खरीदारी को लेकर बुधवार को विकासनगर बाजार में रौनक रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसके साथ जौनसार के कालसी, साहिया, चकराता, क्वांसी और लाखामंडल के बाजारों में भी चहल-पहल रही। विकासनगर बाजार में लोगों ने गरम कपड़े अधिक खरीदे। सुबह से कपड़े की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। महिलाओं में पारंपरिक परिधान घाघरा खरीदने को लेकर उत्साह रहा। बाजार में ग्राहकों के उमडऩे से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। भिरुड़ी पर्व के लिए अखरोट भी बड़ी मात्रा में खरीदे गए। दीपावली के एक माह बाद एक बार ग्राहकों के उमडऩे से पूरे दिन बाजार में चहल-पहल रही।
सहिया क्वानू मोटर मार्ग पर लगा रहा जाम: बूढ़ी दीवाली मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसके कारण सोमवार को साहिया बाजार और साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने से जाम लग गया। करीब एक घंटे तक यात्री जाम में फंसे रहे। यात्रियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खुद ही जाम को खुलवा कर यातायात बहाल किया। बाजार में ग्रामीणों ने अखरोट, गुड़ समेत अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

