विकासनगर,19 नवंबर (आरएनएस)। चकराता वन प्रभाग के अंतर्गत देवधार रेंज टौंस नदी से रेत बजरी चुगान के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने प्रमुख वन संरक्षक को ज्ञापन भेजा। पीसीसीएफ को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि पूरे त्यूणी तहसील क्षेत्र में खत वन और सिविल सोयम वन में कहीं रेत-बजरी नहीं है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों को विकास कार्य और अपने निजी मकानों के निर्माण कार्य में परेशानी हो रही है। आसपास कहीं रेत-बजरी नहीं मिलती। लोगों को हिमाचल प्रदेश के सनैल या नेरवा से क्रेशर से महंगी रेत-बजरी खरीदनी पड़ती है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग हमारे हक-हकूक खत्म कर रहा है जबकि जौनसार बावर क्षेत्र के लोगों को आरक्षित वन क्षेत्र से पत्थर, रेत और बजरी चुगान की छूट है। ग्रामीणों ने पीसीसीएफ को लिखा है कि हनोल से लेकर अटाल तक टौंस नदी में वन विभाग को स्थानीय लोगों के लिए लॉट आरक्षित करना चाहिए। इससे यहां के लोगों को हिमाचल नहीं जाना पड़ेगा। ज्ञापन भेजने वालों में जयेंद्र सिंह, विरेन्द्र शर्मा, रमेश चौहान, लायक राम, रामलाल सेमवाल, लेखराज शर्मा, रतन सिंह, श्याम सिंह, खजान सिंह, रणजीत, कमल सिंह, बतन सिंह, मगत राम और भोपाल सिंह शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

