विकासनगर,19 नवंबर (आरएनएस)। कालसी ब्लॉक मुख्यालय के आसपास खेल मैदान नहीं होने के कारण युवा कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं विकासनगर में करानी पड़ती हैं। इससे दूरदराज के विद्यालयों के छात्रों को विकासनगर पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों ने खेल मंत्री से ब्लॉक मुख्यालय में खेल मैदान बनाने की मांग की है। स्थानीय निवासी चतर सिंह, दिनेश तोमर, दीपक तोमर, विशाल मेहरा, कृष्णपाल सिंह, विजय कुमार और आनंद सिंह आदि का कहना है कि कालसी गेट में रामलीला मैदान है। इसे खेल मैदान के तौर पर विकसित किया जा सकता है। खेल मैदान नहीं होने से कालसी ब्लॉक में होने वाले कार्यक्रमों को विकासनगर ब्लॉक के डाकपत्थर बैराज मैदान में कराना पड़ता है। कालसी ब्लॉक से 50 किमी से अधिक दूरी का सफर तय कर डाकपत्थर बैराज मैदान पहुंचने वाले छात्र-छात्राएं शारीरिक तौर पर थक जाते हैं। इसका असर उनके प्रदर्शन पर दिखाई देता है। खेल मैदान नहीं होने के कारण स्थानीय युवक खेलों से संबंधित तैयारी भी नहीं कर पाते हैं। इस कारण उनकी प्रतिभा में निखार नहीं आ पाता है। उधर, ब्लॉक प्रमुख सावित्री चौहान ने बताया कि खेल मैदान निर्माण के लिए प्रस्ताव उचित माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

