हरिद्वार,20 नवंबर (आरएनएस)। सरकार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेड़ी-पटरी संचालकों और स्ट्रीट वेंडर्स को जागरूक करने के लिए प्रथम वेंडिंग जोन के प्रांगण में गुरुवार को एक दिवसीय जन जागरण अभियान चलाया। नगर निगम क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने उपस्थित लघु व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को ऋषिकुल सभागार में वेंडर्स के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाइसेंस वितरण के साथ सभी स्ट्रीट वेंडर्स का पंजीकरण भी किया जाएगा। कैलाश टम्टा ने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि फुटपाथ पर खाने-पीने का व्यापार करने वाले सभी लघु व्यापारी सुरक्षित खाद्य मानकों का पालन करें, ताकि शहर में साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य वातावरण तैयार हो सके। इसके लिए विभाग की ओर से चरणबद्ध तरीके से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि लंबे समय से फुटपाथ पर खाने-पीने की वस्तुएं बेचने वाले व्यापारियों के पंजीकरण की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के नेतृत्व में पहली बार हरिद्वार में इस दिशा में ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प के तहत अर्द्धकुंभ से पहले शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के आसपास भोजनालय बाजार बनाकर वेंडिंग जोन को व्यवस्थित ढंग से स्थापित किए जाने की जरूरत है। अभियान में शामिल प्रमुख लघु व्यापारियों में राजकुमार, सुनील कुकरेती, बलवीर गुप्ता, मोहनलाल, कमल सिंह, श्याम कुमार, गजेंद्र चौहान, राजेंद्र फौजी, भोला यादव, लालचंद गुप्ता, विजय कुमार, सुबोध गुप्ता, मंजू पाल, सुनीता चौहान, पुष्पा दास, मीरा देवी, विमला और कामिनी मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

