नई दिल्ली 21 Dec, (Rns)- सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिला निवासी 27 वर्षीय भरत कुमार को न्यूड वीडियो के जरिए फंसाकर पहले लाखों रुपये की ठगी की गई, फिर जबरन शादी कराई गई और आखिरकार महिला नकदी-जेवर लेकर फरार हो गई।
भरत आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के चेर्लोपल्ली का रहने वाला है और एक प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। भरत के मुताबिक साल 2019 में उसे एक्स पर एक युवती का मैसेज आया था। युवती ने खुद को मजबूर बताते हुए कहा कि वह पैसे कमाने के लिए न्यूड वीडियो दिखाने का काम करती है और एक हजार रुपये में दस मिनट तक न्यूड ऑनलाइन रहती है। युवक इस झांसे में आ गया और टेलीग्राम के जरिए फेस कवर किए महिला का न्यूड वीडियो देखने लगा। यहीं से ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हुआ। युवती ने वीडियो के स्क्रीनशॉट लेकर भरत को डराना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए।
ब्लैकमेलिंग से शादी तक
ब्लैकमेलिंग के दबाव में युवती ने शादी की शर्त रख दी। 2021 में दोनों की मुलाकात लखनऊ और गोरखपुर में हुई। 2023 में युवती हैदराबाद पहुंची और आत्महत्या की धमकी देकर शादी के लिए मजबूर किया। मार्च 2025 में मंदिर में शादी के बाद कोर्ट मैरिज कर विवाह रजिस्टर कराया गया।
साजिश का खुलासा
शादी के करीब दो महीने बाद युवती का दूसरा चेहरा सामने आया। वह किसी अन्य युवक से फोन पर बात करने लगी और 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए। पूछताछ में सामने आया कि वह युवक उसका दूसरा पति था, जबकि पीड़ित के साथ यह उसकी तीसरी शादी थी।
नकदी-जेवर लेकर फरार
इसके बाद युवती चार लाख रुपये नकद और जेवर लेकर फरार होकर देवरिया पहुंच गई। पीड़ित जब देवरिया पुलिस के पास पहुंचा तो एडिशनल एसपी ने घटना और शादी आंध्र प्रदेश में होने का हवाला देकर वहीं केस दर्ज कराने की सलाह दी। हालांकि, महिला थाना पुलिस ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि युवती सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फंसाने, शादी करने और फिर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का धंधा करती है। वह अपनी रकम और गहनों की वापसी के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

