सिरसा 12 जनवरी (आरएनएस)। नेहरू पार्क स्थित श्री हनुमंत फाउंडेशन द्वारा श्री हनुमंत चैरिटेबल अस्पताल में आंखों की जांच व आप्रेशन का 277 वां निशुल्क शिविर आयोजित किया गया। मुख्य परियोजना संयोजक सुमन मित्तल ने बताया कि जिला अंधता निवारण समिति के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारम्भ डा. प्रवीण अरोड़ा व डा. महिप बंसल ने मंत्रोच्चारण के साथ हनुमान जी की ज्योति प्रज्जवलित करके किया। सुमन मित्तल ने उपस्थित सहयोगियों व मरीजों को फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। सभी ने अस्पताल द्वारा संचालित दंत चिकित्सा विभाग, रक्त जांच विभाग, दवा व अन्य विभागों का अवलोकन किया और फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि फाउंडेशन द्वारा पिछले 27 वर्षों से प्रतिदिन 125 से अधिक जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और हर माह नेत्र जांच व ऑपरेशन शिविर लगाना अत्यंत सराहनीय है। कैम्प में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. प्रवीण अरोड़ा व डा. महिप बंसल द्वारा अपनी टीम व सहयोगियों के साथ 135 नेत्र रोगियों की निशुल्क जांच की गई। शिविर के दौरान मोतिया बिंद से पीडि़त 45 जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क आपरेशन के लिए चयन किया गया। इसके अलावा 56 मरीज़ों की मधुमेह जांच के साथ सभी नेत्र रोगियों को निशुल्क दवाइयां दी गई। शिविर में संरक्षक एमपी गर्ग, बाबू राम मित्तल, भूप सिंह गहलोत, सुभाष वर्मा, सुरेश गोयल, राजेश कुमार, राजेन्द्र गर्ग, अंबर अरोड़ा उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

