सिरसा 12 जनवरी (आरएनएस)। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्पा के प्रांगण में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा मेडिटेशन, योगाभ्यास एवं प्रात:कालीन प्रार्थना के साथ किया गया। योग सत्र का संचालन नरेश कुमार ग्रोवर तथा योग प्रशिक्षक मनप्रीत द्वारा किया गया, जिसमें बच्चों को शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया।
इसके उपरांत ब्रह्माकुमारी आश्रम से पधारी क्षमा दीदी एवं ज्योति दीदी ने अपने प्रेरक प्रवचनों में विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, अच्छे संस्कार, आत्म संयम तथा सकारात्मक वाणी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक सोच अपनाकर निरंतर आत्म सुधार की दिशा में आगे बढऩा चाहिए।
। इस अवसर पर नरेश कुमार ग्रोवर ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा, माता पिता के प्रति समर्पण तथा शिक्षकों और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य शुभकरण शर्मा ने भी अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने जीवन में नशे से दूर रहने, मोबाइल के सीमित और सकारात्मक उपयोग करने तथा चरित्र निर्माण के लिए अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने की सामूहिक शपथ ली ।
समापन सत्र में नरेश कुमार ग्रोवर द्वारा देशभक्ति और परोपकार की भावना से ओतप्रोत गीत देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें के माध्यम से बच्चों में सेवा, त्याग और राष्ट्रहित की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया गया।
इस कार्यक्रम में कुल 70 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। शिविर को सफल बनाने में सरोज रानी एवं रविंद्र कुमार का विशेष योगदान रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

