सिरसा 9 फरवरी (आरएनएस)। पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों पर मनरेगा संग्राम के तहत जिला कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिलेभर से कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से भाग लिया। प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी भी अह्म रही। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर संतोष बैनीवाल ने कहा कि मनरेगा संग्राम को लेकर देशभर में पार्टी की ओर से संघर्ष किया जा रहा है। सरकार ने झूठी जुमलेबाजी कर मनरेगा का नाम बदलकर 125 दिन का काम देने का वादा किया, लेकिन काम की कोई गारंटी नहीं दे रहे। अगर काम की गारंटी ही नहीं तो फिर योजना का क्या फायदा। जबकि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा के तहत 100 दिन का काम मिलता था और वो गारंटी से। बैनीवाल ने कहा कि मनरेगा के तहत काम करने वाली 60 प्रतिशत महिलाएं है, जिनके घर इस योजना से चुल्हा जलता है, लेकिन इस सरकार ने उनके मुंह से निवाला छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सरकार सत्त्ता में आर्द थी, उनपर तो काम किया नहीं, लेकिन अनेक योजनाएं जनता पर जबरदस्ती थोपकर जनता को प्रताडि़त करने का काम भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महात्मा गांधी का नाम हटाने से दिक्कत नहीं है, जबकि असल समस्या मजदूरी का है, उनकी रोजी रोटी है। बैनीवाल ने कहा कि यह योजना पहले केंद्र के पास थी, जिसे केंद्र ने अब राज्य सरकार के सुपुर्द कर दिया है। जब केंद्र के पास पर्याप्त राशि नहीं है तो राज्य सरकार राशि कहां से वहन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पहले भी मजदूर, गरीब, किसान की आवाज को उठाने का काम किया है और आगे भी गरीबों के हक में अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। बुजुर्गों की पेंशन कटने संबंधी सवाल के जवाब में जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार लोगों को बरगलाकर तरह-तरह की कुनीतियां बनाकर परेशान कर रही है। पेंशन बुजुर्गों का सम्मान है, न कि कोई पगार है। बेमानी शर्तें लगाकर सरकार बुजुर्गों का अपमान कर रही है, जोकि आने वाले समय में सरकार को भारी पडऩे वाला है। यही नहीं सरकार ने किसानों व मजदूरों से भी अनेक वायदे किए, लेकिन सब कागजी। नशे पर बोलते हुए संतोष बैनीवाल ने कहा कि अगर सरकार चाहे तो नशे का जड़ से खात्मा कर सकती है, लेकिन सरकार जान बूझकर युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है, ताकि युवा रोजगार न मांगे। इस मौके पर डा. वाई के चौधरी, लादूराम पूनियां, कर्मजीत कौर, नछतर सिंह मटदादू, निर्मल सिंह मलड़ी, रणजीत सिंह भट्टी, मांगेराम सरपंच, सुभाष सरपंच, सुखदेव सिंह, संजय नायक, हरीसन विलियम सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

