सिरसा 9 फरवरी (आरएनएस)। खारियां शैक्षणिक एवं दिव्यांग सेवा समिति की ओर से संस्था सचिव रोहताश के मार्गदर्शन में बौद्धिक अक्षमता एवं श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की सहायता को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आशा कार्यकर्ताओं एवं आरसीआई रजिस्टर्ड दिव्यांग मित्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक में दिव्यांगजनों के प्रशिक्षण और पुनर्वास को लेकर कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार, पुनर्वास पेशेवर ने विस्तार से अपनी बात रखी। वहीं मुख्य वक्ताओं के रूप में कोमल, संस्थान प्रभारी, वीरपाल, विशेष शिक्षक, शुभम, फिजियोथेरेपिस्ट तथा प्रदीप, सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने दिव्यांगजनों की प्रासंगिक पहचान, संवाद और पुनर्वास की भूमिका पर करीब दो घंटे तक विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने में सहयोग देने की बात कही। वक्ताओं ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम बौद्धिक अक्षमता एवं श्रवण बाधित लोगों से संवाद स्थापित करने में बेहद सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना रहा। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी रामकृष्ण उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेश, सोनू और राहुल ने विशेष सहयोग प्रदान किया। दिव्यांग जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें लगभग 50 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

