रुड़की,10 फरवरी (आरएनएस)। ऊर्जा निगम की ओर से स्मार्ट मीटर पखवाड़ा अभियान के तहत मंगलवार को कोटा माछरहेड़ी गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ, कार्यप्रणाली और इससे होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी देना रहा। कोटा माछरहेड़ी में शिविर का आयोजन अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत के नेतृत्व में किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि स्मार्ट मीटर से बिजली की खपत की सटीक जानकारी मिलती है। इससे बिलिंग में पारदर्शिता आती है। उपभोक्ता दैनिक खपत पर नजर रख सकते हैं। अनावश्यक बिजली उपयोग को नियंत्रित किया जा सकता है। स्मार्ट मीटर से बिल समय पर और सही आता है। रीडिंग से जुड़ी शिकायतें भी समाप्त होती हैं। शिविर के दौरान उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किया गया। मीटर लगाने की प्रक्रिया को समझाया गया। ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर को लेकर जिज्ञासाएं रखीं। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र के अन्य गांवों में भी चलाया जाएगा ताकि उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के लाभ समझकर इसे अपनाएं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर कुछ लोगों में भ्रांतियां चल रही हैं। उन्हें भी शिविर के माध्यम से दूर किया जा रहा है। शिविर लगाने के बाद बहुत से लोगों ने उनके यहां स्मार्ट मीटर लगवाने का प्रस्ताव रखा है। शिविर में अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता शब्बीर, एसडीओ अश्वनी कुमार, एई मीटर इशिका सिंह, जेई कुर्बान अली और ग्राम प्रधान मुजम्मिल अली आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

