नई दिल्ली ,15 फरवरी (आरएनएस)। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज एक टोपी के विवाद में एक लड़के की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने खौफ का ऐसा जाल बुना कि पीडि़त ने मरते दम तक अपने घरवालों से सच छिपाए रखा। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान पीडि़त की मौत के बाद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ फरार है।
छत पर टोपी छीनने से शुरू हुआ था खूनी खेल
यह दिल दहला देने वाली वारदात बीते 11 फरवरी की है। जानकारी के अनुसार, पीडि़त और आरोपी विजय विहार इलाके की एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। घटना वाले दिन तीनों लड़के छत पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक लड़के ने मजाक-मजाक में पीडि़त की टोपी छीन ली और वापस करने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते इस छोटी सी बात ने तीखी बहस का रूप ले लिया और नौबत हाथापाई तक आ गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी ने अपने साथी से पीडि़त को कसकर पकडऩे के लिए कहा और फिर उस पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया।
लोहे की रॉड पर गिरने की गढ़ी गई झूठी कहानी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खून से लथपथ पीडि़त को बुरी तरह धमकाया। उन्होंने खौफजदा लड़के को चेतावनी दी कि वह अपने ऊपर हुए इस जानलेवा हमले के बारे में परिवार वालों या किसी और को कुछ न बताए। आरोपियों ने पीडि़त को पट्टी पढ़ाई कि वह सबको यही बताए कि छत पर वह लोहे की रॉड पर गिर गया था, जिससे उसे यह चोट आई है। साथ ही, उन्होंने उसका इलाज करवाने का भी झूठा आश्वासन दिया। खौफ के साए में जी रहे पीडि़त ने डर के मारे शुरुआत में अपने परिवार से यही झूठ बोला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का असली राज
11 फरवरी को गंभीर हालत में घायल लड़के को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां भी डर की वजह से उसने डॉक्टरों को लोहे की रॉड पर गिरने वाली कहानी ही सुनाई। इलाज के दौरान 13 फरवरी को पीडि़त ने दम तोड़ दिया। इसके बाद 14 फरवरी को जब शव का पोस्टमार्टम किया गया, तो सच्चाई सामने आ गई। रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि घाव किसी धारदार हथियार से किए गए हमले का है, न कि लोहे की रॉड पर गिरने का।
मुख्य आरोपी परिवार समेत मौके से फरार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि होने के बाद विजय विहार थाने में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान एक आरोपी (नाबालिग) को दबोच लिया है। क्राइम और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम सबूत जुटा लिए हैं। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी अपने परिवार के साथ फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















