अयोध्या 23 फरवरी (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग एवं इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में आज इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी में स्टूडेंट इंटरेक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फार्मेसी संस्थान के निदेशक प्रो. शैलेन्द्र कुमार के द्वारा मुख्य वक्ता एवं अतिथि निदेशक, इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च पुणे के प्रो. अरविंद नातू को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत कर किया गया।
प्रो. नातू ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान के महत्व तथा फार्मेसी एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से ड्रग रेजिस्टेंस डीएनए संरचना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को शोधोन्मुखी सोच विकसित करने, समसामयिक वैज्ञानिक चुनौतियों को समझने एवं उच्च शिक्षा व अनुसंधान संस्थानों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद् से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना था, जिससे उनके शैक्षणिक एवं शोध संबंधी दृष्टिकोण का विस्तार हो सके।अंत में फार्मेसी संकाय की ज्योति वैश्य द्वारा आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन भी ज्योति वैश्य द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सूक्ष्मजीव विज्ञान की अध्यक्ष प्रो तुहिना वर्मा, डॉ. रंजन सिंह, बी फार्मा कोऑर्डिनेटर डॉ. अनिल कुमार, डी.फार्मा कोऑर्डिनेटर डॉ. सिंधु सिंह, बी.टेक लाइफ साइंस के डॉ. प्रशांत सिंह, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ के फार्मेसी विभाग के डॉ. सोम प्रकाश कुशवाहा, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार यादव,अवध विश्वविद्यालय फार्मेसी डिपार्टमट के डॉ. अंकुर श्रीवास्तव, डॉ. विमल एवं डॉ. अजय सहित समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

