सुल्तानपुर 26 फरवरी (आरएनएस )। नगर से लेकर तहसील क्षेत्र तक इन दिनों भवन निर्माण मानो सिस्टम के रहमोकरम पर चल रहा है। हालात ऐसे हैं कि अगर कोई आम या खास व्यक्ति अपना घर या दुकान बनाना चाहता है, तो उसे पहले कुछ चुनिंदा दलालों की चौखट पर हाजिरी देनी पड़ती है। जेब गरम कर दी तो सब ठीक वरना नोटिस और कार्रवाई तय मानिए।
सूत्र बताते हैं कि इन दलालों का नेटवर्क राजस्व और विनियमित विभाग तक गहरी पैठ बनाए हुए है। फाइलों की रफ्तार, नोटिस की टाइमिंग और कार्रवाई की धार सब कुछ पैसों की गर्मी पर निर्भर बताया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे खेल में कुछ राजस्व कर्मी, कुछ कलमकार, कुछ कानून के जानकार माने जाने और संगठन चलाने वाले सफेदपोश चेहरे भी शामिल बताए जा रहे हैं। मॉडल सीधा है निर्माण की भनक लगते ही चुगली और दबाव की रणनीति। पहले डर पैदा करो, फिर समाधान का ऑफर दो। अगर मोटी रकम मिल गई तो मामला रफा-दफा नहीं तो नियम-कायदों की पूरी किताब खोल दी जाती है। सवाल यह है कि जब नियम सबके लिए समान हैं तो कार्रवाई का तराजू पैसे के हिसाब से क्यों झुकता है। जनता पूछ रही है क्या निर्माण अब अधिकार नहीं सौदेबाजी का जरिया बन चुका है और क्या जिम्मेदार अधिकारी इस खेल से वाकिफ नहीं हैं या फिर मौन ही उनकी सहमति है। जब तक इस गठजोड़ पर सख्त लगाम नहीं लगेगी, तब तक आम आदमी का सपना अपना घर दलाली की भेंट चढ़ता रहेगा।
कोर्ट ने आरोपी को लगी चोट नहीं दर्शाने पर डॉक्टर को किया तलब
सुलतानपुर(आरएनएस )। जानलेवा हमले एवं एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य आरोपो से जुड़े मामले में आरोपी शिवम सिंह व छोटू गुप्ता उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार कर बुधवार को स्पेशल जज एससी-एसटी एक्ट जज राकेश पांडेय की अदालत में पेश किया गया। मामले में रिमांड पर सुनवाई के दौरान अदालत में पेश आरोपी की शरीर पर चोट का निशान दिखने के बावजूद प्रस्तुत की गई मेडिकल रिपोर्ट में चोट का जिक्र नहीं करने की वजह से अदालत ने मामले में चिकित्सक की कार्यशैली पर संज्ञान लिया है। अदालत ने मामले में आरोपियो का मात्र दो दिन का रिमांड स्वीकार किया है। स्पेशल जज ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए चिकित्सा अधिकारी डॉ एसपी शुक्ला को व्यक्तिगत रूप से 27 फरवरी के लिए तलब किया है। कादीपुर कोतवाली के बनकेगांव के रहने वाले वादी प्रदीप कुमार ने बीते 21 फरवरी की घटना बताते हुए स्थानीय कोतवाली के सराय कल्याण गांव के रहने वाले आरोपी शिवम सिंह व छोटू गुप्ता उर्फ कृष्णा के खिलाफ हमले एवं एससी- एसटी एक्ट सहित अन्य आरोपो में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच सीओ कादीपुर को मिली है। दोनों आरोपियो पर इनाम घोषित रहने की भी जानकारी मिली है। मामले में पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियो को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। उनकी न्यायिक रिमांड पर सुनवाई के दौरान आरोपी शिवम सिंह के शरीर पर पर्याप्त चोट दिखने के बावजूद उसका जिक्र तैयार की गई मेडिकल रिपोर्ट में करने के बजाय उसे छिपाने पर इसे कानून का उल्लंघन व बड़ी लापरवाही मानते हुए अदालत ने डॉक्टर को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

