लखनऊ, 26 फरवरी (आरएनएस ) । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विद्युत कनेक्शन से जुड़े प्रकरण, विद्युत बिलों में त्रुटि सुधार, सीवर लाइन की समस्याएं, नए निर्माण कार्यों की स्वीकृति, क्षतिपूर्ति भुगतान सहित विभिन्न स्थानीय जनसमस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए और उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिक प्रक्रिया न बनकर परिणाम देने वाली व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।मंत्री श्री शर्मा ने यह भी कहा कि विद्युत और नगर विकास से संबंधित मामलों में तकनीकी कारणों का हवाला देकर अनावश्यक विलंब न किया जाए। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें तथा आवश्यकता पडऩे पर स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें।उन्होंने दोहराया कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों और शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनी रहे। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।कार्यक्रम में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

