नई दिल्ली/लखनऊ 26 फरवरी (आरएनएस )। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय ‘म्युनिसिपालिका-2026 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सुरक्षित, स्मार्ट और सतत शहर समाधान सम्मेलनÓ के दूसरे दिन लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने भाग लिया। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में देश-विदेश के शहरों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञों और नगर निकायों से जुड़े अधिकारियों ने सहभागिता की। महापौर ने विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेकर लखनऊ के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम की शुरुआत जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन सत्र से हुई, जिसमें शहरों में बेहतर जल प्रबंधन, चौबीसों घंटे स्वच्छ जल आपूर्ति, उपयोग किए गए जल के पुन: उपयोग, नदियों के संरक्षण तथा कम लागत वाली नई तकनीकों के उपयोग पर चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरों में जल संरक्षण और सुनियोजित उपयोग अत्यंत आवश्यक है।इसके बाद स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और संसाधन पुनप्र्राप्ति विषय पर विचार-विमर्श हुआ। शहरों में कचरा कम करने, गीले और सूखे कचरे को अलग करने, कचरे से ऊर्जा उत्पादन, निर्माण अपशिष्ट के पुन: उपयोग और आधुनिक शहरी सफाई व्यवस्था पर जोर दिया गया। प्रदर्शनी कक्ष में विभिन्न संस्थाओं द्वारा नई तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जहां महापौर ने प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।दोपहर में आयोजित परिचर्चा सत्र में किफायती आवास, भूमि और वित्त के बेहतर उपयोग, सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल के माध्यम से आवास निर्माण तथा नवीन आवासीय नवाचारों पर चर्चा हुई। इसके बाद शहरी अवसंरचना वित्तपोषण पर आयोजित सत्र में नगर निकायों के लिए धन जुटाने के नए उपाय, नगरपालिका बांड, हरित वित्त और परियोजनाओं को सुरक्षित ढंग से आगे बढ़ाने की व्यवस्थाओं पर मंथन हुआ।
सम्मेलन में डिजिटल प्रशासन भी प्रमुख विषय रहा। नागरिक सेवाओं के लिए ऑनलाइन अनुमोदन प्रणाली, डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्मार्ट उपयोगिता सेवाएं, साइबर सुरक्षा और आंकड़ा आधारित कर प्रणाली जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाएं सहज और पारदर्शी ढंग से मिल सकें।इसके अतिरिक्त हरित भवन तकनीक, ऊर्जा संरक्षण प्रणाली, पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। शहरी नेतृत्व, नागरिक सहभागिता और समावेशी नगर नियोजन पर भी विस्तृत चर्चा हुई।सम्मेलन में परिपत्र अर्थव्यवस्था, अपशिष्ट से ऊर्जा, त्वरित निर्माण तकनीक और सार्वजनिक निर्माण कार्यों की मजबूती जैसे विषय भी प्रमुख रहे।इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से नई तकनीक और बेहतर नगर प्रबंधन के अनुभव प्राप्त होते हैं। इन अनुभवों का उपयोग कर लखनऊ को स्वच्छ, आधुनिक और सतत शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

