लखनऊ 26 फरवरी (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराना जरूरी है, क्योंकि भाजपा को हराना मतलब यूपी को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है और भ्रष्टाचार, अपराध तथा कमीशनखोरी चरम पर है। यह सरकार हर वर्ग को अपमानित कर रही है और सामाजिक अन्याय व नफरत फैलाने की प्रतीक बन गई है।बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की चालाकियों से सावधान रहना होगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से समझदारी, सजगता और सतर्कता के साथ काम करने का आह्वान किया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एसआईआर के माध्यम से बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है। उनका कहना था कि पीडीए मतदाताओं के वोट काटने के उद्देश्य से लाखों लोगों को नोटिस भेजी जा रही हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करें और मतदाता सूची पर लगातार निगरानी रखें।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और युवाओं के साथ छल कर रही है। अमेरिका के साथ हुए समझौते का जिक्र करते हुए उन्होंने आशंका जताई कि इससे किसानों को नुकसान होगा और खेती प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भारत की कृषि व्यवस्था को कमजोर करना देशहित में नहीं है।उन्होंने भाजपा की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि इस सरकार में गरीब और गरीब होता जा रहा है जबकि अमीर और अमीर हो रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाकर लोगों को संकट में डाला गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकाल में विकास के कई कार्य किए, युवाओं को लैपटॉप देकर तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाया और नए अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि किसानों को फसल का उचित मूल्य मिले, बेरोजगारी समाप्त हो, मुनाफाखोरी पर रोक लगे और दाम बांधो नीति लागू हो। वर्ष 2027 में सरकार बनने पर समाजवादी पार्टी इन लक्ष्यों पर काम करेगी।
इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी, श्याम लाल पाल और त्रिभुवन दत्त सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

