लखनऊ 9 मार्च (आरएनएस )। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुजेहटा में घरेलू विवाद के दौरान एक किशोर द्वारा अपने पिता पर डंडे से हमला कर उनकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को करीब 11:30 बजे ग्राम खुजेहटा के ग्राम प्रधान शंकर यादव ने थाना मोहनलालगंज पर सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत, पुत्र नवमी लाल, उम्र लगभग 45 वर्ष की उनके ही पुत्र लव कुश, उम्र लगभग 17 वर्ष द्वारा सिर पर डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी गई है।सूचना मिलते ही थाना मोहनलालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि रामकरन रावत का शव उनके घर के बाहर पड़ा हुआ था और मौके पर परिवारजन तथा गांव के अन्य लोग मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान पुत्र लव कुश ने अपने पिता के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी सहित थाना प्रभारी मोहनलालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतक की पत्नी इन दिनों अपने मायके गई हुई है। मृतक के दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र लव कुश, जो इस घटना का आरोपी बताया जा रहा है, की उम्र लगभग 17 वर्ष है, जबकि छोटा पुत्र विशाल रावत करीब 15 वर्ष का है। रामकरन रावत खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

