लखनऊ 9 मार्च (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ ने गृहकर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर जोन-4 क्षेत्र में हाउस टैक्स के बड़े बकाएदार संस्थानों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके भवनों को सील कर दिया गया।जोनल अधिकारी जोन-4 शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर, ट्रांसमिशन भवन तथा यूपीएसआईडीसी (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम) के भवन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन संस्थानों पर लंबे समय से गृहकर का भारी बकाया चल रहा था और कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने बताया कि उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर पर कुल 1 करोड़ 23 लाख 93 हजार 473.92 रुपये का गृहकर बकाया है। इसके अलावा ट्रांसमिशन भवन पर 22 लाख 22 हजार 501 रुपये तथा यूपीएसआईडीसी के भवन पर 52 लाख 735.41 रुपये का गृहकर बकाया पाया गया। बार-बार नोटिस जारी करने और कर जमा करने के लिए समय दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार भवनों को सील कर दिया।इस कार्रवाई में टैक्स सुपरिटेंडेंट बनारसी दास और राजस्व निरीक्षक अजय वर्मा ने नगर निगम की टीम के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा बकाया गृहकर की वसूली के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

