लखनऊ 9 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि केंद्र की सरकार ने देश की विदेश नीति को कमजोर कर दिया है और पहली बार ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हमारी विदेश नीति पर बाहरी प्रभाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि देश के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं और इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए।संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार आत्मनिर्भरता की बात करती है, लेकिन वास्तविक स्थिति यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई फैसलों में भारत पर दबाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति चिंताजनक है और सरकार को अपनी विदेश नीति पर स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। इनमें नौकरीपेशा लोग, कामकाजी नागरिक, पर्यटक और पत्रकार भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस विषय पर स्पष्ट योजना सामने आनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिससे आम लोगों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है। ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में गंभीर चर्चा होनी चाहिए ताकि देश और जनता से जुड़े सवालों का समाधान निकल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

