– पंचायत भवन में तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू
सिरसा 16 मार्च (आरएनएस)। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई जिसकी अध्यक्षता नगराधीश अजय सिंह ने की। कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु व एसोसिएट प्रोफेसर एवं मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार द्वारा फील्ड ट्रेनर्स अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संग्रह की विधि तथा डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य को सही ढंग से संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए जनगणना कार्य में प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि वे इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न करें।
जनगणना-2027 के अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत कोई भी नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्वयं अपने घर की गणना ऑनलाइन माध्यम से पोर्टल पर दर्ज कर सकेगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने में सहायता मिलेगी।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसे हाउस लिस्टिंग चरण कहा जाएगा। इस चरण में गणनाकार घर-घर जाकर परिवारों से जानकारी एकत्रित करेंगे और नागरिकों से कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों के माध्यम से परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जाएगी।
मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार ने कार्यशाला के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, आंकड़ों की गोपनीयता तथा सही जानकारी एकत्रित करने के महत्व के बारे में भी अवगत करवाया। साथ ही जनगणना कार्य में तकनीकी उपकरणों और डिजिटल प्लेटफार्म के उपयोग की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

