वारंगल 03 april, (Rns): तेलंगाना के वारंगल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक गर्भवती महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की अपने ही स्विमिंग पूल में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय फरहत और उनकी दो बेटियों, 8 वर्षीय उमेरा और 6 वर्षीय आयशा के रूप में हुई है। परिवार वारंगल-खम्मम राष्ट्रीय राजमार्ग के पास एक स्विमिंग पूल चलाता था, जो पर्यटकों को किराए पर दिया जाता था और यही उनकी आय का मुख्य जरिया था। बुधवार रात परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में इसी पूल में डूबने से तीनों की जान चली गई, जिसे शुरुआत में महज एक हादसा बताया जा रहा था, लेकिन अब इस मामले में एक बेहद खौफनाक मोड़ आ गया है।
पिता ने लगाया हत्या का सनसनीखेज आरोप
हादसे के बाद फरहत के पति अजहरुद्दीन ने पुलिस को बताया कि यह सिर्फ एक दुर्घटना थी जिसमें उसकी पत्नी और बेटियां पूल में फिसलने के कारण डूब गईं। हालांकि, मृतका के पिता अली ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए पुलिस में चौंकाने वाली शिकायत दर्ज कराई है। पिता का सीधा आरोप है कि अजहरुद्दीन एक और बेटी पैदा नहीं करना चाहता था और लगातार फरहत पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से भयंकर विवाद चल रहा था। फरहत के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी भारी मानसिक दबाव में थी और उन्हें पूरा यकीन है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश है।
सीसीटीवी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठेगा पर्दा
इस सनसनीखेज शिकायत के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है और सभी एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है और स्विमिंग पूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एसआई श्रीनिवास ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और पति अजहरुद्दीन से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस किसी भी तरह की साजिश की आशंका से इनकार नहीं कर रही है और अब पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पुन्नेलू गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

