– सीतापुर के मोहन एंटरप्राइजेज में भीषण आग से तबाही
सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। महमूदाबाद थाना क्षेत्र के मीरा नगर स्थित मोहन एंटरप्राइजेज में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री उसकी चपेट में आ गई और करोड़ों का सामान जलकर खाक हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी यूनिट को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सिधौली, बिसवां और महमूदाबाद से दमकल विभाग की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत की, लेकिन आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि उसे काबू में करने में लंबा समय लग गया। फैक्ट्री से उठती लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देते रहे। आखिरकार सुबह करीब 7 बजे आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री मालिक सोहनलाल पुत्र चेतराम की इस यूनिट में लैय्या और चना बनाने का काम होता था। मध्य प्रदेश और राजस्थान से कच्चा माल मंगवाकर यहां तैयार उत्पाद बनाए जाते थे। आग की चपेट में आने से मशीनें, कच्चा माल और तैयार माल पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, जबकि प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

