सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। बृहस्पतिवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धरनाग नेवादा गांव में 35 वर्षीय सुनीता देवी की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि तेज हवाओं और बारिश के बीच सुनीता देवी अपनी छत पर चढ़कर टीन ठीक कर रही थीं, ताकि घर को नुकसान से बचाया जा सके। लेकिन किसे पता था कि यही कोशिश उनकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएगी। अचानक तेज हवा का झोंका आया और वह टीन के साथ नीचे आ गिरीं। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन आखिरकार उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। सुनीता देवी अपने पीछे तीन छोटी-छोटी बेटियां छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। घर में मातम पसरा है और हर आंख नम है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। एक झोंके ने सिर्फ एक जान नहीं ली, बल्कि तीन मासूमों की दुनिया उजाड़ दी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

