– 20 करोड़ का कारोबार रहेगा ठप
सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। आगामी 20 मई को सीतापुर में दवा बाजार पूरी तरह बंद रहेगा। केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के सभी थोक और फुटकर दवा विक्रेता राष्ट्रव्यापी बंद में शामिल होंगे। इस एक दिवसीय बंद से करीब 20 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पडऩे की संभावना है। दवा व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अवैध ई-फार्मेसी, बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा अत्यधिक छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश (प्रिडेटरी प्राइसिंग) और कुछ सरकारी नीतियों के खिलाफ व्यापारी वर्ग में गहरा असंतोष है। महामंत्री बसंत गोयल ने बताया कि ऑनलाइन दवा बाजार में अधोमानक दवाओं की बिक्री, फार्मासिस्ट और मरीज के बीच संवाद की कमी, और दवाओं के अनुचित भंडारण जैसे गंभीर मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। उनका कहना है कि इन समस्याओं के चलते न सिर्फ छोटे और मध्यम दवा विक्रेताओं पर आर्थिक संकट गहरा रहा है, बल्कि जनस्वास्थ्य भी खतरे में पड़ सकता है। संघ के अनुसार, इन मांगों को लेकर केमिस्ट समुदाय वर्ष 2018 से संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर यह बंद आयोजित किया जा रहा है, ताकि सरकार का ध्यान इन ज्वलंत मुद्दों की ओर खींचा जा सके। एसोसिएशन ने प्रशासन को पूर्व सूचना देते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि 20 मई को होने वाली असुविधा से बचने के लिए आवश्यक दवाएं पहले ही खरीद लें। बैठक में अध्यक्ष गोपाल टंडन, महामंत्री बसंत गोयल, उपाध्यक्ष शैलेश महेंद्र, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी सहित प्रदीप धवन, ललित भट्ट, सुजीत श्रीवास्तव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

