सुलतानपुर 6 मई (आरएनएस )। हाल ही में आए चक्रवाती असर और तेज आंधी-बारिश के कारण विद्युत वितरण खंड बल्दीराय की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई स्थानों पर 11 केवी लाइनें टूट गईं, सैकड़ों बिजली के खंभे गिर गए और ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि विषम परिस्थितियों के बावजूद विद्युत विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत और पुनस्र्थापन कार्य शुरू कर दिया।
विभाग सेवा ही सर्वोपरि के सिद्धांत पर काम करते हुए उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत देने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग कर रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार बल्दीराय क्षेत्र के सभी 38 में से 38 फीडर चालू कर दिए गए हैं जबकि एलटी लाइनों पर बाकी काम तेजी से जारी है। आंधी-तूफान में करीब 800 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए थे, जिनमें से अब तक लगभग 650 पोल दोबारा खड़े किए जा चुके हैं। वहीं खराब हुए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और बदलने का काम भी प्राथमिकता के आधार पर लगातार जारी है। इस आपदा से लगभग 510 गांव प्रभावित हुए थे, जिनमें अब केवल 50 गांवों में ही आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित है। यानी अब प्रभावित गांवों का प्रतिशत घटकर करीब 9.80: रह गया है जो विभाग के तेज और प्रभावी काम को दर्शाता है। मरम्मत कार्य को तेजी देने के लिए करीब 160 कर्मियों की टीम (80 विभागीय और 80 कार्यदायी संस्था के कर्मचारी) दिन-रात जुटी हुई है। इसके साथ ही 10 हाइड्रा मशीनों की मदद से पोल खड़े करने और लाइनों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा पूरे कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है और उन इलाकों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बिजली पूरी तरह ठप है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जल्द बिजली पहुंचाई जा सके। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं तार टूटे हों या पोल गिरे हों तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित उपकेंद्र या हेल्पलाइन पर दें। साथ ही, सभी लोग क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विद्युत विभाग ने भरोसा दिलाया है कि वह उपभोक्ताओं को सुरक्षित, निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

