बल्दीराय/सुल्तानपुर 6 मई (आरएनएस )। बल्दीराय थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम शारदा सहायक नहर की पटरी पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पूरे चंद्रिका मिश्र गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक बच्चा और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में एक बाइक चालक और दूसरी बाइक पर पीछे बैठे बुजुर्ग की मौके पर ही सांसें थम गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तिलकराज को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में प्रारंभिक रूप से लापरवाही और हेलमेट न पहनना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अयोध्या निवासी सुरेशचंद्र मिश्रा (45) तथा अमेठी निवासी राम पटेसर (65) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में तिलकराज (43), हिमांशी पाठक (16) सहित अन्य शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों, विशेषकर हेलमेट के अनिवार्य उपयोग की अहमियत को उजागर कर दिया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

