कांग्रेस103 किलो गांजा बरामदगी ने खोली भाजपा के संरक्षण वाले नशा नेटवर्क की पोल
महिलाएं असुरक्षित, महंगाई चरम पर और सत्ता चुनावी बदले में व्यस्त : कांग्रेस
रांची 10 मई (आरएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र जायसवाल के पास से 103 किलो गांजा बरामद होने की घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि भाजपा के संरक्षण में फल-फूल रहे ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ देश का युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की मांग कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार युवाओं की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है। रोजगार मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज होता है, मुकदमे किए जाते हैं, जबकि दूसरी तरफ भाजपा नेताओं के संरक्षण में नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है।
आलोक दूबे ने कहा कि जिस भाजपा नेता के पास से इतनी भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, उसकी पहुंच सरकार के बड़े मंत्रियों तक बताई जा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि नशे के इस काले कारोबार की जड़ें सत्ता के गलियारों तक फैली हुई हैं। देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले इस नेटवर्क पर भाजपा सरकार मौन क्यों है, इसका जवाब देश की जनता मांग रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में महिलाओं की अस्मत सुरक्षित नहीं है, महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, गरीब परिवार गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी राजनीति और बदले की मानसिकता से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं।
आलोक दूबे ने कहा कि तमिलनाडु में राजनीतिक असफलता की नाराजग़ी में प्रधानमंत्री लगातार विपक्ष और कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं तथा देश को दोस्त और दुश्मन की राजनीति में बांटने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा शासन में बेरोजगारी, अपराध, नशा कारोबार और महंगाई ने देश को खोखला कर दिया है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सिर्फ छोटे मोहरों को नहीं बल्कि नशे के कारोबार को संरक्षण देने वाले बड़े राजनीतिक चेहरों को भी कानून के दायरे में लाया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

