हरिद्वार,10 मई (आरएनएस)। कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर में रहने वाली महिला ने पड़ोसी पर शराब के नशे में गाड़ी टकराने, जातिसूचक शब्द कहने और धमकी देने का आरोप लगाया है। अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के निर्देश के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का विवरण: महेंद्र विहार निवासी अंजू रानी ने आयोग को भेजी शिकायत में बताया कि 28 फरवरी की रात उनका पड़ोसी विनेश कुमार उनियाल शराब के नशे में घर के बाहर पहुंचा और उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। अंजू रानी ने बताया कि उनके पति देहरादून में नौकरी करते हैं और लंबे अंतराल के बाद घर आ पाते हैं। ऐसे में वह बच्चों के साथ अकेली रहती हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी ने अपने मकान की तीसरी मंजिल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरा उनके घर की तरफ कर रखा है, जिससे परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। महिला का कहना है कि पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

