-प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील पर दिया संदेश
मिल्कीपुर-अयोध्या 15 मई (आरएनएस)। जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी शुक्रवार को अपने बदले हुए अंदाज के कारण चर्चा में रहे। आमतौर पर दो से तीन गाडिय़ों के काफिले में चलने वाले त्यागी इस बार बुलेट मोटरसाइकिल से कुमारगंज पहुंचे, जिससे लोग हैरान रह गए। जिलाध्यक्ष त्यागी अयोध्या-रायबरेली हाईवे मार्ग से कुमारगंज स्थित भाजपा के संगठनात्मक बैठक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बुलेट मोटरसाइकिल भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा चला रहे थे, जबकि जिलाध्यक्ष पीछे बैठे थे। उनके साथ एक अन्य मोटरसाइकिल पर कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में राधेश्याम त्यागी ने बताया कि उन्होंने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील को ध्यान में रखते हुए उठाया है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध के कारण तेल संकट की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश के साथ खड़ा रहे। त्यागी ने कहा कि एक पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने निर्णय लिया है कि कम दूरी के लिए वे मोटरसाइकिल और साइकिल का उपयोग करेंगे। अधिक दूरी की यात्रा के लिए वे केवल एक चार पहिया वाहन का ही इस्तेमाल करेंगे। जिलाध्यक्ष ने युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी देश को युवाओं की आवश्यकता पड़ी है, उन्होंने आगे बढ़कर योगदान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अब युवा भी छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने लगे हैं। राधेश्याम त्यागी ने बताया कि हाल ही में उन्होंने एक साइकिल की दुकान पर बड़ी संख्या में साइकिलें देखीं। दुकानदार ने उन्हें बताया कि लोग अब साइकिल का अधिक उपयोग कर रहे हैं और मरम्मत के लिए भी साइकिलें आ रही हैं। उन्होंने इसे देशहित में एक सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि देश की जनता हमेशा प्रधानमंत्री की हर अपील को स्वीकार करती है और इस संकट से निपटने के लिए भी तैयार है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

