लखनऊ,16 मई (आरएनएस)। खुशी फाउंडेशन और आशा ज्योति स्पेशल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को इंदिरानगर स्थित आशा ज्योति स्पेशल स्कूल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन को चिकित्सीय परामर्श के साथ नि:शुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।उत्तर प्रदेश पेरेंट्स एसोसिएशन फॉर द वेलफेयर ऑफ मेंटली हैंडीकैप्ड सिटीजन्स के सुबोध शंकर ने बताया कि खुशी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आशा ज्योति स्पेशल स्कूल मानसिक रूप से दिव्यांग और ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों के लिए समर्पित संस्थान है। यहां बौद्धिक दिव्यांगता, सेरेब्रल पाल्सी और डाउन सिंड्रोम से प्रभावित बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण, छात्रावास और शून्य से 18 वर्ष तक की आयु वर्ग के लिए विशेष सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।खुशी फाउंडेशन की ऋचा द्विवेदी ने कहा कि भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण लोग अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाएंगे।मैक्स अस्पताल, साकेत, नई दिल्ली के सुधांशु मिश्रा ने कहा कि लोगों को स्वस्थ और जागरूक बनाए रखने के उद्देश्य से मैक्स अस्पताल और खुशी फाउंडेशन भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और संगोष्ठियां आयोजित करते रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान ऋचा द्विवेदी ने मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली और डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्वस्थ उत्तर प्रदेश और स्वस्थ भारत के लक्ष्य को मजबूती मिल सके।शिविर में डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल से शमामा खातून, शादाब मलिक, अमर सिंह और विशेष शर्मा मौजूद रहे। वहीं आशा ज्योति स्पेशल स्कूल की ओर से उपासना वर्मा और माला निगम ने भी सहयोग करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

