महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और आत्मरक्षा की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
सुलतानपुर ,16 मई (आरएनएस)। जनपद के श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर थाना अखंडनगर के इंस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी होना भी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही आत्मरक्षा के उपायों एवं कठिन परिस्थितियों में साहस के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की शिक्षिकाएं मनीषा पांडे एवं रीता सिंह ने भी छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विद्यालय परिवार ने इस पहल को छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

