सुल्तानपुर ,16 मई (आरएनएस)। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर शनिवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने किया, जबकि शहर अध्यक्ष की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण केंद्र सरकार की विफलता का बड़ा उदाहरण है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि नीट पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी एनटीए के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जाएं तथा प्रभावित छात्रों को न्याय और उचित राहत दी जाए। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़े दाम वापस लेने तथा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग भी की गई। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। यदि सरकार में नैतिकता बची है तो शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। वहीं शहर अध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान सलाहुद्दीन हाशमी, हौसला प्रसाद भीम, मनोज तिवारी, आरबी पांडे, अतहर नवाब, कमर खान एडवोकेट, ममनून आलम, सुब्रत सिंह सनी, रणजीत सिंह सलूजा, अमोल बाजपेयी, श्याम किशोर, अवधेश गौतम, गुड्डू जायसवाल, मानस तिवारी, हामिद राईन, मोहसिन सलीम, विनय त्रिपाठी, आशीष पाण्डेय और राना पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

