*सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग*
सुलतानपुर ,16 मई (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित बयान को लेकर जिले में ब्राह्मण समाज में भारी रोष व्याप्त है। देव पुरोहित महासभा ने इसे समाज विशेष की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
देव पुरोहित महासभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस एवं जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप है कि सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में प्रसारित बयान के माध्यम से समाज में जातीय वैमनस्यता और तनाव फैलाने का प्रयास किया गया है। महासभा की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि 5 मई को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने एक दोहे का उल्लेख करते हुए कथित रूप से ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। संगठन का कहना है कि इस बयान से ब्राह्मण समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं और लोगों में तीव्र नाराजगी है। महासभा अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि किसी भी जाति या समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान जानबूझकर समाज में नफरत और द्वेष फैलाने की मंशा से दिया गया है, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज में आक्रोश और बढ़ सकता है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल द्विवेदी, सर्वेश कुमार मिश्र, अजय कुमार मिश्रा, आचार्य गोपाल द्विवेदी, अमरनाथ तिवारी, अभय तिवारी, प्रवीण कुमार द्विवेदी, महेश तिवारी और आलोक कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

