सुल्तानपुर ,16 मई (आरएनएस)। शहर के लखनऊ नाका रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार दोपहर एक सर्राफा व्यापारी की मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर सलाहपुर बरदहिया निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार सोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने आर्थिक तंगी और भारी कर्ज के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार अनिल कुमार सोनी शनिवार दोपहर रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि उनका बायां हाथ कंधे से अलग हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल जीआरपी को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी थाने के उप निरीक्षक आरिफ खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई। बाद में परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि अनिल कुमार सोनी अपने घर के पास ही सर्राफा की दुकान चलाते थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके भाई गुलाब सोनी पंजाब में रहते हैं, जबकि फूल सोनी और अमित सोनी सुल्तानपुर में ही हैं। मृतक की पत्नी चंदा सोनी ने बताया कि दुकान पर काफी कर्ज हो गया था और वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। लोन की किस्तें जमा न कर पाने को लेकर वह परेशान रहते थे। शनिवार को भी उन्होंने घर से निकलते समय किस्त जमा करने की बात कही थी। अनिल अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा अमन कक्षा पांच का छात्र है, जबकि छोटा बेटा आयुष कक्षा दो में पढ़ता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

