अल्मोड़ा,16 मई (आरएनएस)। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लमगड़ा पुलिस ने अनाधिकृत रूप से हूटर लगाकर वाहन चला रहे चालक के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर ही वाहन से हूटर हटवाकर चालान किया। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत लमगड़ा थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में मोरनौला चौकी प्रभारी नरेश कोहली ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन में अनाधिकृत रूप से हूटर का इस्तेमाल होता मिला। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि ‘यूपी में तो हूटर चलता है।’ इस पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहन से हूटर हटवाया और चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी भी दी गई। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से वाहनों में अनाधिकृत हूटर, फ्लैशर और अवैध मॉडिफिकेशन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

