दुर्ग 26 मई (आरएनएस) अटल आवास परिसरों में अचानक भारी पुलिस बल की एंट्री से इलाके में हड़कंप मच गया और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी फैल गई। दुर्ग पुलिस ने पुरानी भिलाई और कुम्हारी क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए ऐसा सघन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें हथियारबाज आरोपी समेत कई संदिग्ध पुलिस के रडार पर आ गए। दिनांक 26 मई 2026 को थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के उम्दा अटल आवास और थाना कुम्हारी क्षेत्र के 320 अटल आवास में संयुक्त पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट घूम रही मोटर साइकिलों, संदिग्ध युवकों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की बारीकी से जांच की गई। इसी दौरान पुलिस ने प्रगति नगर चरोदा भिलाई-3 निवासी शेक शहीद उम्र 39 वर्ष को धारदार हथियार के साथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। इस बड़े ऑपरेशन में थाना पुरानी भिलाई, जामुल, वैशाली नगर, कुम्हारी, एएनटीएफ, डीएसबी और एसीसीयू की संयुक्त टीम शामिल रही, जहां करीब 60 पुलिस अधिकारी और जवानों ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने मौके से धारदार हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिलें भी जब्त कीं। दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अवैध हथियार, संदिग्ध गतिविधि और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, पुलिस की इस अचानक रेड ने इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों की नींद जरूर उड़ा दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

