छतरपुर 2 जून (आरएनएस)। एक युवक ने अपनी लिव इन पार्टनर को पेट्रोल डालकर जला दिया। महिला को गंभीर हालत में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती भी करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मामले में कंपू थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर केस डायरी को छतरपुर भेज दिया है।
घटना 17 मई 2026 को चंदला थाना क्षेत्र के गुड़ा खुर्द गांव में हुई थी। पुष्पा और मनोज कुशवाह चार साल से लिव-इन में रह रहे थे। दोनों का एक बच्चा भी है। पुष्पा ने मनोज से सब्जी के लिए तेल मांगा था। इसी बात पर विवाद हुआ और मनोज ने पेट्रोल डालकर पुष्पा को जला दिया।
आग में बुरी तरह झुलसी पुष्पा को मनोज खुद ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराकर भाग गया। जिसकी पुष्पा के परिजनों ने चंदला थाना पुलिस को शिकायत की।
मौत से पहले पुष्पा का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पुष्पा ने लिव-इन पार्टनर मनोज कुशवाह पर पेट्रोल डालकर जलाने के आरोप लगाए हैं। पुष्पा ने कहा कि उस दिन मनोज आग लगाकर भाग गया था। करीब 5 मिनट बाद वह फिर आया। उसने पूरी तरह से मुझे जान से मारने की कोशिश की है।
पुष्पा की बड़ी बहन संगीता अहिरवार ने आरोप लगाया है कि मनोज ने गांव की ही गुडिय़ा नाम की युवती से शादी की थी। उसे भी जलाकर मार दिया। दूसरी शादी एक युवती चेतना से की। उसने भी चेतना को भी जलाया था। वह बच तो गई लेकिन उसका शरीर आधा खराब हो गया।
इसके बाद मेरी बहन को झांसे में लेकर वह साथ रख रहा था। लेकिन, अब उसे भी मार दिया। अब मैं चाहती हूं कि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कंपू थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया है। घटना छतरपुर के चंदला थाना क्षेत्र की है इसलिए केस डायरी चंदला थाना पुलिस को भेजी जा रही है।
चंदला थाना प्रभारी सुधा शुक्ला ने बताया पुष्पा को जलाने के आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

