छिंदवाड़ा 2 जून (आरएनएस)। विकलांगता पेंशन बंद होने से परेशान एक परिवार मंगलवार को अपनी दिव्यांग बेटी को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। रोहना निवासी 21 वर्षीय कुमारी शीतल विश्वकर्मा अपनी मां माया विश्वकर्मा और भाई के सहारे जनसुनवाई में पहुंची। शीतल की लंबाई करीब दो से ढाई फीट है और वह चलने-फिरने में असमर्थ है।
परिजनों ने अपर कलेक्टर अग्रिम कुमार को बताया कि शीतल को लंबे समय से विकलांगता पेंशन मिल रही थी, लेकिन आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण अब पेंशन बंद हो गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मां माया विश्वकर्मा ने बताया कि शीतल हाथों के सहारे चलती है, जिससे उसकी उंगलियों की लकीरें मिट गई हैं। इसी वजह से आधार अपडेट के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। कई बार प्रयास करने के बावजूद आधार कार्ड अपडेट नहीं हो सका और पेंशन भी रुक गई।
जनसुनवाई के दौरान शीतल को चलने में काफी दिक्कत हो रही थी। उसका भाई उसे सहारा देकर कार्यालय तक लेकर पहुंचा। परिवार ने प्रशासन से पेंशन दोबारा शुरू कराने और आधार अपडेट में विशेष मदद की मांग की है।
अपर कलेक्टर अग्रिम कुमार ने परिवार की समस्या सुनने के बाद जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही गई है।

