भोपाल 2 जून (आरएनएस)।भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय कैलाश सारंग की जयंती मंगलवार को पूरे प्रदेश सहित देशभर में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर “मातृ-पितृ भक्ति दिवस” के रूप में विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने प्रभात चौराहे पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर वृद्धजनों का विशेष सम्मान किया। उन्होंने बुजुर्गों के पांव पखारकर और उनकी आरती उतारकर सम्मान प्रकट किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाले हर बुजुर्ग उनके लिए माता-पिता के समान है और उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सारंग ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से निरंतर “मातृ-पितृ भक्ति दिवस” का आयोजन कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना को मजबूत करना है। इस मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्तसारंग_मातृ_पितृ_भक्ति_दिवस हैशटैग कई घंटों तक देशभर में ट्रेंड करता रहा, जो इस आयोजन के व्यापक जनसमर्थन को दर्शाता है।
कायस्थ समाज द्वारा भी कैलाश सारंग की जयंती पर देशभर में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में समर्थकों ने जगह-जगह शरबत वितरण, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया।
नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में मातृ-पितृ भक्ति दिवस और वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान बुजुर्गों का सम्मान किया गया और उनके अनुभव साझा किए गए। पूरे आयोजन में सेवा, संस्कार और सम्मान की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी, जिसने कैलाश सारंग के जीवन मूल्यों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

