-वेटरनरी प्रथम वर्ष का छात्र था मृतक आकाश सोनकर
मिल्कीपुर-अयोध्या 5 जून (आरएनएस)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज परिसर स्थित कालिंदी छात्रावास के कमरे में शुक्रवार सुबह एक छात्र का शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वेटरनरी प्रथम वर्ष के छात्र आकाश सोनकर पुत्र अवधेश सोनकर 20 वर्ष अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए।घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब अन्य छात्र क्लास के लिए तैयार हो रहे थे और कमरा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर छात्रावास वार्डन एवं विश्वविद्यालय सुरक्षा प्रभारी आरपी सिंह को दी मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी पियूष पाल एवं थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है तथा फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। छात्र मऊ जिले के घोसी कस्बा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। परिसर में घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल है तथा छात्र मानसिक रूप से आहत बताए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और छात्रों को परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा तथा उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल छात्रावास में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और छात्रों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। स्थिति सामान्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

