वाशिंगटन,07 जून। अमेरिका के ओहियो राज्य के टोलेडो शहर में भीषण गोलीबारी की घटना हुई है। इसमें कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। वहीं, गोलीबारी के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त लोग ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल नामक समारोह में शामिल होने के लिए जुटे थे।
ये घटना टोलेडो में एक सामुदायिक उत्सव के दौरान हुई। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि ताबड़तोड़ गोलीबारी के बीच उत्सव में शामिल लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। लोग बचने के लिए फूड ट्रकों के पीछे छिप गए। ओहियो के गवर्नर माइक डेवाइन ने कहा, ऐसे उत्सव परिवारों के लिए हिंसा के डर के बिना साथ समय बिताने का सुरक्षित स्थान होने चाहिए। हमें विश्वास है कि एजेंसियां संदिग्धों का पता लगा लेंगी।
टोलेडो पुलिस के उप प्रमुख जो हेफरनन ने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि 2 हमलावर थे जो संभवत: एक-दूसरे पर गोली चला रहे थे। दोनों में से कोई भी हिरासत में नहीं है। पुलिस लेफ्टिनेंट डैन गेर्कन ने निवासियों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों से पूछें कि उन्हें गोलीबारी के बारे में क्या पता है। वहीं, टोलेडो के मेयर वेड कैप्सज़ुकिविज ने बताया कि गोली लगने वाले सभी लोगों के बचने की उम्मीद है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

